LAXYAVAIDH MEDIA

Hindi News | Vapi • Valsad • Daman | Local to National News

दमण से नवसारी जा रही किआ सेल्टोस से ₹15.08 लाख की विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार

वलसाड/शुभम राय


वलसाड जिला लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दमण से नवसारी की ओर ले जाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब पकड़ी है। काले रंग की किआ सेल्टोस कार से कुल ₹5,08,608 की विदेशी शराब बरामद की गई है। कार सहित कुल जब्त मुद्दामाल की कीमत ₹15,08,608 बताई जा रही है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सूरत रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रेम वीर सिंह (IPS) तथा वलसाड जिला पुलिस अधीक्षक युवराजसिंह जाडेजा (IPS) के निर्देश पर वलसाड LCB की टीम अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान LCB के अधिकारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बलीठा पुलिस चेक पोस्ट के पास काले रंग की किआ सेल्टोस कार नंबर GJ-15-CQ-3514 को रोका गया।
तलाशी के दौरान कार से व्हिस्की, वोडका और रम की कुल 1,788 बोतलें (356.040 लीटर) बरामद की गईं, जिनकी कीमत ₹5,08,608 है। इसके अलावा कार की क्लीनर साइड सीट के नीचे से एक अन्य वाहन की नंबर प्लेट GJ-15-CQ-2612 भी मिली। जब्त की गई कार की कीमत ₹10 लाख बताई गई है।
इस कार्रवाई में कार चालक हेमंतभाई अरविंदभाई धोड़िया पटेल (उम्र 35 वर्ष), निवासी डूंगरी, उदवाड़ा आर.एस., तालुका पारडी, जिला वलसाड को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में एक अन्य आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आई है, जो कार में क्लीनर साइड बैठा था। वहीं, शराब से भरी कार उपलब्ध कराने वाला आरोपी फेनील मुकेशभाई को. पटेल, निवासी मोटी दमण बताया गया है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ पहले भी प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। इस संबंध में वापी टाउन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जब्त मुद्दामाल को जांच हेतु वापी टाउन पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई LCB वलसाड के पुलिस इंस्पेक्टर उत्सव बारोट के मार्गदर्शन में PSI जे.जी. वसावा सहित टीम के अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *