


वापी तालुका के नामधा स्थित नीलकंठ अनंत सोसाइटी में एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (ईडीआईआई), अहमदाबाद द्वारा आयोजित 6 सप्ताह के उद्यमिता एवं कौशल विकास कार्यक्रम (ईएसडीपी) का समापन समारोह 29 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर 28 महिला प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को 4 सप्ताह का आर्टिफिशियल ज्वेलरी निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें नेकलेस, इयररिंग्स, ब्रेसलेट, मोती की माला, मंगलसूत्र, रंगीन चूड़ियां तथा फैब्रिक एवं मिरर वर्क से जुड़े विभिन्न उत्पाद बनाना सिखाया गया। इसके साथ ही 2 सप्ताह का ईडीपी मॉड्यूल भी कराया गया, जिसमें उद्यमिता के मूलभूत सिद्धांतों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्य को प्रशिक्षक रीता विकास राणे और मानसीबेन ने चरणबद्ध तरीके से संचालित किया। समापन समारोह में ईडीआईआई के सीनियर प्रोजेक्ट ऑफिसर पतंजलि चौधरी ने उद्यमिता विकास के महत्व और उससे मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला।
इस कार्यक्रम को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) का सहयोग प्राप्त हुआ। प्रशिक्षण 17 फरवरी 2026 से 28 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया था।
समारोह में आर.के. देसाई कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. विनीता सहाय, राफेल कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. संगीता श्रीवास्तव, मेंटर कृष्णमोहन सिंघल एवं सफल उद्यमी श्रीमती पिंकी ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर मेंटर कृष्ण सिंघल ने ब्रांडिंग, पैकेजिंग और ऑनलाइन मार्केटिंग तकनीकों पर मार्गदर्शन दिया। वहीं, चंद्रशेखर मिश्र सहित ईडीआईआई के अन्य अधिकारियों ने महिलाओं को भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि ईडीआईआई महिला उद्यमियों को व्यापार विकास, मार्केट लिंकेज और बैंक लिंकेज जैसी सेवाओं में निरंतर सहयोग प्रदान करता रहेगा। साथ ही आने वाले समय में विभिन्न वर्कशॉप, मेलों और स्टॉल के माध्यम से महिलाओं के व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायता की जाएगी।
ईडीआईआई अहमदाबाद द्वारा जिला उद्योग केंद्र, वलसाड में भी विभिन्न प्रशिक्षण और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया और संस्थान के प्रयासों की सराहना की गई।

Leave a Reply