LAXYAVAIDH MEDIA

Hindi News | Vapi • Valsad • Daman | Local to National News

वापी का गीतानगर बनता जा रहा क्राइम का गढ़, गैंगबाजी के बीच अवैध हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार

वापी का गीतानगर क्षेत्र तेजी से अपराध की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। लगातार सामने आ रही गैंगबाजी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों ने पूरे इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और अब सभी असामाजिक तत्वों पर सख्ती से कमर कसने की जरूरत महसूस की जा रही है।
इसी बढ़ते अपराध के बीच वापी टाउन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गीतानगर इलाके से एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से बिना लाइसेंस का देसी हाथ से बना तमंचा और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई वलसाड जिले में संपत्ति और शरीर से जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई।
सूरत रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री प्रेमवीर सिंह (IPS) के मार्गदर्शन और वलसाड जिला पुलिस अधीक्षक श्री युवराजसिंह जाडेजा (IPS) के निर्देश पर, वापी विभाग के उप पुलिस अधीक्षक श्री बी.एन. दवे के मार्गदर्शन में वापी टाउन पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर वापी गीतानगर बड़े नाले के पास रोड पर पेट्रोलिंग के दौरान एक युवक को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 5,000 रुपये कीमत का देसी तमंचा और 500 रुपये कीमत के 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए। कुल जब्त मुद्देमाल की कीमत 5,500 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शनी अमित गुप्ता (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में वापी गीतानगर टांकी फड़िया क्षेत्र में रह रहा था और मूल रूप से महाराजगंज, उत्तर प्रदेश का निवासी है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस मामले में एक अन्य आरोपी सूरज निषाद, निवासी सजनवा, उत्तर प्रदेश, फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
लगातार हो रही गैंगबाजी और अब अवैध हथियार की बरामदगी से यह साफ हो गया है कि गीतानगर क्षेत्र में संगठित अपराध जड़ें जमा रहा है। ऐसे में पुलिस प्रशासन के लिए यह बड़ी चुनौती बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि सख्त और निरंतर अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों को जड़ से खत्म करना जरूरी है, ताकि गीतानगर में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *