

नई दिल्ली। पाकिस्तान की जेलों में बंद भारतीय मछुआरों की रिहाई को लेकर दमन सांसद उमेश पटेल ने मछुआरों के परिजनों के साथ विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मछुआरों की तत्काल रिहाई और उनके जब्त जहाजों को वापस दिलाने की जोरदार मांग रखी।
सांसद उमेश पटेल ने बताया कि वर्तमान में पाकिस्तान की विभिन्न जेलों में 209 भारतीय मछुआरे बंद हैं, जिनमें 134 गुजरात और 24 दमन-दीव के निवासी शामिल हैं। कई मछुआरे वर्षों से जेल में हैं और कुछ की स्वास्थ्य स्थिति अत्यंत गंभीर बताई गई है। इसके साथ ही 1200 से अधिक भारतीय मछली पकड़ने वाली नावें भी पाकिस्तान में जब्त पड़ी हैं, जिससे मछुआरा समुदाय की आजीविका पर गहरा असर पड़ा है।
मुलाकात के दौरान उमेश पटेल ने 2008 के भारत-पाकिस्तान समझौते का हवाला देते हुए न्यायिक समिति को पुनः सक्रिय करने और मानवीय आधार पर सभी भारतीय मछुआरों की शीघ्र रिहाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यह विषय राजनीति से ऊपर उठकर मानवता से जुड़ा हुआ है और केंद्र सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
मछुआरों के परिजनों ने भी विदेश मंत्री के समक्ष अपनी पीड़ा रखी और अपने परिजनों की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यह मामला भारत-पाकिस्तान के बीच वर्षों से चले आ रहे मछुआरों से जुड़े मानवीय संकट को एक बार फिर उजागर करता है, जिस पर शीघ्र समाधान की आवश्यकता जताई जा रही है।


Leave a Reply