भीलाड़ में SOG की बड़ी कार्रवाई: 722 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

भीलाड़ पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एस.ओ.जी. वलसाड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 0.722 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक प्रेम वीर सिंह (सूरत रेंज) के मार्गदर्शन एवं वलसाड जिला पुलिस अधीक्षक युवराजसिंह जाडेजा के निर्देशानुसार की गई।
एस.ओ.जी. पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर भीलाड़-नरौली रोड स्थित इंडियापाड़ा इलाके में जगदीशभाई की दुकान पर छापा मारा गया। छापे के दौरान आरोपी दिपु उर्फ दीपु रामकुमार वर्मा (उम्र 32 वर्ष) मौके पर मौजूद मिला। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध रूप से रखा गया 0.722 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब ₹36,100 बताई जा रही है। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। कुल जब्त मुद्दामाल की कीमत ₹41,100 है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से गांजा का छिटपुट रूप से अवैध विक्रय कर रहा था। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट 1985 की धारा 8(सी), 20(बी)(II)(A) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में पो इंस्पेक्टर ए.यू. रोज, पीएसआई एस.आर. सुसलादे, एएसआई सैयदभाई बाबनभाई, एएसआई भावेशकुमार मगनभाई सहित एस.ओ.जी. वलसाड की टीम ने सराहनीय टीमवर्क का परिचय दिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *