गुजरात के नए डीजीपी के रूप में डॉ. के.एल.एन. राव का नाम लगभग तय, 31 दिसंबर को बड़ा ट्रांसफर लिस्ट आने की संभावना

LAXYAVAIDH/KRISHNA G. JHA

गांधीनगर।
गुजरात राज्य के वर्तमान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विकास सहाय को दिया गया 6 महीने का एक्सटेंशन 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। इसके बाद गुजरात के नए डीजीपी के रूप में डॉ. के.एल.एन. राव का नाम लगभग तय माना जा रहा है। डॉ. राव वर्तमान में सीआईडी क्राइम में डीजीपी के पद पर कार्यरत हैं।

डीजीपी की दौड़ में जी.एस. मलिक का नाम भी चर्चा में है, लेकिन वरिष्ठता और सेवा अवधि को देखते हुए डॉ. राव की दावेदारी अधिक मजबूत मानी जा रही है। डॉ. राव को अभी सेवानिवृत्ति में लगभग 22 महीने का समय शेष है, जबकि नियमित डीजीपी नियुक्ति के लिए न्यूनतम 6 महीने की सेवा शेष होना आवश्यक माना जाता है। ऐसे में गुजरात के 30वें डीजीपी के रूप में उनकी नियुक्ति की संभावना प्रबल बताई जा रही है।

पुलिस कमिश्नर यथावत, 31 दिसंबर को बड़ा फेरबदल संभव

सूत्रों के अनुसार फिलहाल चारों महानगरों में किसी भी पुलिस कमिश्नर की बदली के संकेत नहीं हैं।

* अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर: जी.एस. मलिक
* सूरत पुलिस कमिश्नर: अनुपम सिंह गहलोत
* वडोदरा पुलिस कमिश्नर: नरसिंह्मा कोमर
* राजकोट पुलिस कमिश्नर: ब्रिजेश कुमार झा

इन सभी के पदों पर यथावत बने रहने की संभावना है। वहीं एसपी से प्रमोशन पाए 10 डीआईजी अधिकारियों को अब तक पोस्टिंग नहीं मिली है, जिन्हें 31 दिसंबर को तैनाती मिलने की संभावना है। इसी के चलते आईपीएस अधिकारियों के बड़े ट्रांसफर की सूची आने की चर्चाएं तेज हैं।

ऐसे होगी नए डीजीपी की चयन प्रक्रिया

नए डीजीपी की नियुक्ति के लिए गुजरात सरकार डीजीपी रैंक के अधिकारियों के नाम यूपीएससी पैनल को भेजेगी। इस पैनल में डॉ. के.एल.एन. राव, जी.एस. मलिक, डॉ. निरजा गोटरु, मनोज शशिधर और राजू भार्गव के नाम शामिल हैं।
सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शमशेर सिंह फिलहाल डेपुटेशन पर हैं और उन्हें सेवानिवृत्ति में केवल तीन महीने शेष हैं, इसलिए उनका नाम नियमित डीजीपी नियुक्ति के लिए व्यवहारिक नहीं माना जा रहा।

सीआईडी क्राइम प्रमुख होने का मिला अनुभव

सीआईडी क्राइम को राज्य में अपराधों की प्रवृत्ति और पैटर्न समझने का सबसे महत्वपूर्ण विभाग माना जाता है। सरकार की प्रमुख योजनाओं और गृह विभाग की बैठकों में सीआईडी प्रमुख की भूमिका अहम होती है। वर्तमान में यह जिम्मेदारी डॉ. के.एल.एन. राव निभा रहे हैं, जिससे उन्हें डीजीपी पद के लिए उपयुक्त माना जा रहा है।

1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं डॉ. राव

डॉ. के.एल.एन. राव 1992 बैच के गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने हिम्मतनगर, खेड़ा और मेहसाणा जैसे जिलों में एसपी के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वे राजकोट रेंज के डीआईजी, अहमदाबाद में जॉइंट पुलिस कमिश्नर और लंबे समय तक गुजरात की जेलों के प्रमुख भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे सीआईडी क्राइम में डीजीपी के पद पर कार्यरत हैं और अक्टूबर 2027 में सेवानिवृत्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *