

वलसाड जिले के नानापोंढा में आयोजित गुजरात जोड़ो जनसभा में चैतार वसावा की मौजूदगी में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इस दौरान कपराडा क्षेत्र के दस्काभाई वीरुभाई और नीतिनभाई समेत 500 से अधिक समर्थकों ने AAP की सदस्यता ग्रहण की।
जनसभा के बाद मीडिया से बातचीत में विधायक चैतार वसावा ने कहा कि आदिवासी इलाकों में ग्रामसभा की अनुमति के बिना नेशनल हाईवे, कॉरिडोर और हाई-टेंशन लाइनों जैसे प्रोजेक्ट थोपे जा रहे हैं। विस्थापित परिवारों को न जमीन के बदले जमीन मिली, न सिंचाई का पानी, न ही रोजगार। युवाओं से 12-12 घंटे काम कराकर शोषण किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी आगामी समय में तालुका पंचायत, जिला पंचायत सहित सभी स्थानीय चुनाव अकेले लड़ेगी। वसावा ने दावा किया कि अंबाजी से उमरगाम तक आदिवासी क्षेत्रों में AAP मजबूत बन चुकी है और 2027 में गुजरात में AAP की सरकार बनेगी। सरकार बनने पर पेसा एक्ट और अनुसूची-5 का सख्त अमल किया जाएगा तथा आदिवासियों के लंबित दावों का निपटारा किया जाएगा।
वसावा ने आरोप लगाया कि गुजरात सरकार दिल्ली और अफसरशाही के इशारों पर चल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम पर हुए कथित 50 करोड़ रुपये के खर्च को आदिवासी विकास फंड से जोड़े जाने का आरोप लगाते हुए इसकी CID जांच और एक-एक रुपये का हिसाब मांगा।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर हिंदू-ईसाई विवाद खड़ा कर मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया और कहा कि मानव धर्म सर्वोपरि है। आदिवासी संस्कृति प्रकृति-पूजक है और उसे कमजोर करने की कोशिशों से आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन के अधिकार खतरे में पड़ेंगे।
पुलिस भर्ती में 40% न्यूनतम अंक की शर्त को लेकर वसावा ने इसे आरक्षण पर हमला बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि शैक्षणिक आरक्षण से छेड़छाड़ हुई तो विधानसभा से लेकर चुनाव आयोग तक लड़ाई लड़ी जाएगी।

Leave a Reply