LAXYAVAIDH MEDIA

Hindi News | Vapi • Valsad • Daman | Local to National News

साइड स्टैंड बना काल, वापी में दो छात्र दोस्तों की दर्दनाक मौत

वापी के छरवाड़ा–सलवाव मार्ग पर सोमवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो होनहार छात्र दोस्तों की जान चली गई। वीडियो 360 रेसिडेंसी के सामने बाइक फिसलने से यह दर्दनाक दुर्घटना हुई, जिसमें एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान छरवाड़ा स्थित प्रमुख रेसिडेंसी निवासी स्वराज अवाड और उनके मित्र अभिनव के रूप में हुई है। स्वराज कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 10 का छात्र था। दोनों दोस्त क्रिकेट और फुटबॉल के अच्छे खिलाड़ी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे दोनों मित्र बाइक (क्रमांक MH-15 DB 0880) से क्रिकेट ग्राउंड देखने गए थे और वापस घर लौट रहे थे। स्वराज बाइक चला रहा था, जबकि अभिनव पीछे बैठा था। छरवाड़ा से सलवाव की ओर जाते समय वीडियो 360 रेसिडेंसी के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर फिसलते हुए घिसट गई।
हादसे में स्वराज के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अभिनव को गंभीर हालत में तुरंत हरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां अल्प उपचार के बाद उसने भी अंतिम सांस ली।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बाइक का साइड स्टैंड ऊपर करना भूल जाने के कारण वह सड़क के बंपर से टकरा गया, जिससे चालक नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया। इस संबंध में मृतक अभिनव के रिश्तेदार सोनूराम सैनी ने डूंगरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
बताया गया कि दोनों मित्रों की 31 दिसंबर को परीक्षाएं समाप्त होनी थीं, जिसके बाद फुटबॉल प्रैक्टिस और मैच का आयोजन तय था। इसी सिलसिले में वे ग्राउंड देखने गए थे।

पुलिस द्वारा सख्ती के बावजूद यह स्पष्ट है कि हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय सावधानी और व्यापक जागरूकता अभियान की सख्त जरूरत है, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *