वापी में सड़क निर्माण को लेकर बवाल: विरोध कर रहे लोग डिटेन, आखिरकार शुरू हुआ काम

LAXYAVAIDH/KRISHNA JHA

वापी।आज वापी चला कस्टम रोड के चोकी फलिया क्षेत्र में वापी महानगरपालिका द्वारा सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की गई थी। हालांकि, इस कार्य का स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिसके चलते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए महानगरपालिका की अधिकारी एवं डिप्टी कमिश्नर श्रीमती आस्था सोलंकी स्वयं मौके पर पहुंचीं और लोगों द्वारा रखी गई शर्तों पर एक-एक कर सहमति भी जताई। इसके बावजूद, शर्तें स्वीकार होने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों द्वारा नई-नई मांगें लगातार रखी जाती रहीं। यह पहली बार देखा गया कि आमतौर पर सड़क बनवाने के लिए धरने पर बैठने वाले लोग, यहां सड़क निर्माण रोकने के लिए धरने पर बैठ गए।
स्थानीय लोगों का कहना था कि पुराने 3 मीटर चौड़े रास्ते जितनी ही सड़क बनाई जाए और भविष्य में किसी भी प्रकार का डिमोलिशन नहीं किया जाए, इसकी लिखित गारंटी दी जाए। वहीं, वापी महानगरपालिका की ओर से यह स्पष्ट किया गया कि साढ़े चार मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी और किसी भी नागरिक का कोई भी पायदान या निर्माण नहीं तोड़ा जाएगा।
इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच लगातार संवाद की कमी देखने को मिली। स्थिति उस समय और अधिक उलझ गई जब एक राजनीतिक दल से जुड़े कुछ लोग भी मौके पर पहुंच गए और मामले को भड़काने का प्रयास किया गया।
हालात बिगड़ते देख डि.वाय.एस.पी श्री दवे साहेब और वापी टाउन पी.आई श्री मयूर पटेल  ने सख्ती दिखाते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाल रहे लोगों को डिटेन कर डूंगरा पुलिस स्टेशन भेज दिया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में वापी महानगरपालिका ने सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया।
घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि विकास कार्यों को लेकर समय रहते संवाद और स्पष्टता न हो तो हालात किस तरह तनावपूर्ण हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *