अमलसाड़ में Maths Mania Carnival का भव्य आयोजन

500 से अधिक मॉडल, खेल और इंटरएक्टिव गतिविधियों के ज़रिए छात्रों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

दिनांक 27 जनवरी 2026 को अमलसाड़ स्थित डॉ. चंदनबेन और हीराभाई पटेल इंग्लिश मीडियम स्कूल में Maths Mania Carnival का भव्य आयोजन किया गया। स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती लम्हा नायक के मार्गदर्शन में आयोजित इस शैक्षणिक कार्निवल में विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा आसपास की विभिन्न शालाओं के शिक्षक और छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।


इस कार्निवल का मुख्य उद्देश्य गणित को सरल, रोचक और व्यवहारिक तरीके से प्रस्तुत करना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर 500 से अधिक वर्किंग मॉडल्स, चार्ट्स, गणित आधारित खेल, लॉजिकल पज़ल्स और विविध क्रिएटिव गतिविधियाँ तैयार कीं, जो आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रत्येक मॉडल के माध्यम से गणितीय सूत्रों और सिद्धांतों को प्रयोगात्मक एवं रोचक तरीके से समझाया गया।


कार्यक्रम के दौरान आयोजित मेंटल मैथ्स, इंटरएक्टिव गेम्स और लॉजिकल एक्सरसाइज़ ने छात्रों के आत्मविश्वास, कल्पनाशक्ति और सोचने की क्षमता को और मजबूत किया। अभिभावकों एवं अतिथियों ने छात्रों की रचनात्मकता और शिक्षकों की अथक मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर प्रिंसिपल श्रीमती लम्हा नायक ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में टीमवर्क, समस्या-समाधान क्षमता और गणित के प्रति रुचि को बढ़ावा देते हैं। गणित को सरल और आनंददायक बनाने की दिशा में Maths Mania Carnival एक सफल और प्रेरणादायक पहल साबित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *