LAXYAVAIDH MEDIA

Hindi News | Vapi • Valsad • Daman | Local to National News

ड्रग्स माफिया से सांठगांठ: गुजरात पुलिस का ASI स्टेट मॉनिटरिंग सेल के हत्थे चढ़ा

गांधीनगर।लक्ष्यवेध
गुजरात पुलिस के पुलिस महानिदेशक डॉ. के.एल.एन. राव के निर्देश पर तथा स्टेट मॉनिटरिंग सेल के नायब पुलिस महानिरीक्षक निर्लिप्त राय के सीधे सुपरविजन और पुलिस अधीक्षक मयूर चावड़ा के मार्गदर्शन में स्टेट मॉनिटरिंग सेल ने मादक पदार्थ तस्करी के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।


स्टेट मॉनिटरिंग सेल पुलिस स्टेशन में दिनांक 09/01/2026 को दर्ज बी-पार्ट अपराध क्रमांक 1199500012600002/2026, एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 22(बी) एवं 29 के तहत जांच चल रही है। इस मामले में वडोदरा रेलवे स्टेशन से 239 ग्राम 940 मिलीग्राम हेरोइन ड्रग्स बरामद की गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत 47 लाख 98 हजार 800 रुपये बताई गई है। अन्य मुद्दामाल सहित कुल जब्ती की कीमत लगभग 48 लाख 7 हजार 90 रुपये आंकी गई है। मौके से आरोपी अमरिकसिंह उर्फ सोनू सरवणसिंह दिलीपसिंह मल्ही (उम्र 37 वर्ष), निवासी गुरुनानक नगर, छाणी जकातनाका, वडोदरा को पकड़ा गया था, जबकि हेरोइन सप्लाई करने वाला आरोपी वांछित घोषित किया गया था।


जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वडोदरा शहर की एसओजी शाखा में तैनात पुलिसकर्मी अनआर्म्ड एएसआई लक्ष्मीकांत भीखुभाई देसाई (उम्र 57 वर्ष), निवासी सनमिलन सोसायटी, शुभानपुरा, हाई टेंशन रोड, वडोदरा की इस ड्रग्स तस्करी में सीधी संलिप्तता पाई गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर स्टेट मॉनिटरिंग सेल ने दिनांक 31/01/2026 को उक्त पुलिसकर्मी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।


आरोपी पुलिसकर्मी के पास से जांच हेतु कुल तीन मोबाइल फोन—एक एप्पल आईफोन-14 प्रो, एक ओप्पो कंपनी का K12x एंड्रॉयड मोबाइल तथा एक जियो भारत का साधारण मोबाइल—जब्त किए गए हैं। आरोपी के पुलिस कस्टडी रिमांड की कार्रवाई भी की जा रही है। मामले की गहन जांच पुलिस निरीक्षक श्री डी.ए. तुवर द्वारा की जा रही है।


उल्लेखनीय है कि एएसआई लक्ष्मीकांत देसाई पूर्व में डीसीबी, वडोदरा शहर में कार्यरत थे। उस दौरान उनके द्वारा कथित रूप से असामाजिक और गैरकानूनी गतिविधियों के संचालन से जुड़े साक्ष्य सामने आने पर उनका तबादला कच्छ-गांधीधाम किया गया था।


स्टेट मॉनिटरिंग सेल ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *